गोपालगंज में प्रशासनिक व्यवस्था होगी और मजबूत, डीएम समीर सौरभ ने प्रधान लिपिकों को दिए सख्त निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में प्रशासनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी कार्यालयों के प्रधान लिपिकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डीएम ने विभिन्न कार्यालयों के प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालय व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागों में प्राप्त पत्रों एवं आमजन के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यालय व्यवस्था और समयबद्ध कार्य निष्पादन से ही आम लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा।
बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार सहित जिले के सभी कार्यालयों के प्रधान लिपिक उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने तथा कार्यालयों के कार्यों को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।












