कटेया में लाखों की चोरी: घर सूना पाकर चोरों ने उड़ाए जेवरात और नकदी,प्राथमिकी दर्ज
कटेया (गोपालगंज)। कटेया थाना क्षेत्र के गौरा टोला दमकी गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने कटेया थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार गौरा टोला दमकी निवासी स्व मोतीलाल कुशवाहा की पत्नी श्रीमती देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 22 जून 2026 की रात उनके घर में चोरी की घटना हुई। चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन और नकदी लेकर फरार हो गए।
आवेदन के मुताबिक चोरी हुए सामानों में दो मंगलसूत्र, दो चेन, दो अंगूठी, पांच सेट कान के झुमके, नाक का नथुनी, चांदी का पायल, चांदी के बिछिया, सेट पैंजनिया सहित अन्य कीमती आभूषण तथा एक लाख रुपये नकद शामिल हैं। पीड़िता ने चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।
घटना के बाद परिवार के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरों की पहचान करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है यथाशीघ्र इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।चोरी की इस घटना से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।












