“सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान की समीक्षा बैठक में बोले प्रभारी मंत्री— हर पात्र लाभुक तक बिना देरी पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गोपालगंज जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत आयोजित जन सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन की विभागवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन की मूल भावना तभी सार्थक होगी जब हर पात्र लाभुक को बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक विलंब के सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर आम लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत करें। समीक्षा बैठक में हथुआ विधायक रामसेवक सिंह, बरौली विधायक मनजीत सिंह, गोपालगंज सदर विधायक सुभाष सिंह, विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार, जिलाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी (भा.पु.से.) सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जन सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के त्वरित निस्तारण की प्रगति का मूल्यांकन करना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुख एवं जवाबदेह बनाना रहा।












