बारिश की पहली फुहार में ही समाहरणालय परिसर हुआ जलमग्न, अफसरों की गाड़ियों के पहिए पानी में डूबे।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की ख़ास रिपोर्ट


गोपालगंज ।। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच मंगलवार को हुई बारिश ने जिला मुख्यालय की तैयारियों की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में गोपालगंज समाहरणालय परिसर जलमग्न हो गया। हालत यह रही कि परिसर में खड़ी कई पदाधिकारियों की सरकारी गाड़ियों के पहिए तक पानी में डूब गए, जबकि सड़क और पार्किंग स्थल तालाब में तब्दील नजर आए।बारिश का पानी परिसर में जमा होने से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। विडंबना यह है कि एक ओर जिला प्रशासन संभावित बाढ़ और आपदा से निपटने की तैयारियों का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला समाहरणालय परिसर ही पहली बारिश में जलभराव की चपेट में आ गया। इससे जलनिकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ देर की बारिश में ही यह स्थिति बन गई, तो लगातार बारिश या बाढ़ की स्थिति में हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने समाहरणालय परिसर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।












