जिला पदाधिकारी का औचक एक्शन: गोपालगंज नगर परिषद का औचक निरीक्षण, फायर ऑडिट और समयबद्ध कार्यप्रणाली के सख्त निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। शनिवार को गोपालगंज नगर परिषद कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। डीएम के इस औचक निरीक्षण से कार्यालय परिसर में तत्परता देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा पुख्ता इंतजामों और विभिन्न लोक-कल्याणकारी कार्यों के संचालन का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कार्यालय परिसर एवं भवन की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने इसे लेकर संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।भवन की अग्नि सुरक्षा (Fire Safety) को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि: कार्यालय भवन का अविलंब फायर ऑडिट कराया जाए। सभी सरकारी भवनों में तय सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो। अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ-साथ उनके हमेशा वर्किंग कंडीशन (कार्यशील स्थिति) में रहने की नियमित जांच की जाए।”किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए हमारी तैयारियां पहले से चाक-चौबंद होनी चाहिए। सुरक्षा मानकों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
— श्री समीर सौरभ, जिला पदाधिकारी, गोपालगंज
कार्यालयी व्यवस्था को सुधारने के संकल्प के साथ जिला पदाधिकारी ने सभी कर्मियों और अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि कार्यालय के सभी कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादित किया जाए। आम जनता से जुड़े मामलों और उनकी समस्याओं के निवारण में किसी भी तरह की देरी न की जाए, बल्कि पूरी तत्परता के साथ उनका निपटारा सुनिश्चित किया जाए।डीएम के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक महकमे में यह साफ संदेश गया है कि जनता के कार्यों में ढिलाई और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर अब गाज गिरना तय है।












