ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह का आकस्मिक निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
बांदा। कर्तव्य निभाते हुए एक समर्पित पुलिसकर्मी की असामयिक मृत्यु की खबर से पुलिस विभाग और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस लाइन बांदा में तैनात उपनिरीक्षक (उ0नि0) धीरेन्द्र कुमार सिंह का रविवार 08 फरवरी 2026 को अचानक निधन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान पुलिस लाइन परिसर में वे अचानक गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय धीरेन्द्र कुमार सिंह वर्ष 1987 बैच के पुलिसकर्मी थे और लंबे समय से ईमानदारी व निष्ठा के साथ सेवा दे रहे थे। वे मूल रूप से जनपद प्रयागराज के निवासी थे। उनके निधन से विभाग ने एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी खो दिया।
पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
रिपोर्ट – सनम, बांदा











