स्वच्छ भारत मिशन, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं पीएम/सीएम आवास योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) गौरव कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में बुधवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)–लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान तथा प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक (डीआरडीए) की मौजूदगी में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ), प्रखंड समन्वयकों एवं आवास पर्यवेक्षकों के साथ योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीडीसी ने स्वच्छता एवं आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (STWM) के अंतर्गत संचालित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) की कार्यशीलता, कचरा संग्रहण के लिए संचालित ई-रिक्शा एवं ठेलों की नियमित व्यवस्था और उनके प्रभावी संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। डीडीसी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि पंचायतों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में ODF प्लस के अंतर्गत चयनित पंचायतों में गांवों के द्वितीय सत्यापन (Verification) को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीडीसी ने लंबित आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन लाभार्थियों के आवास अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।बैठक के अंत में डीडीसी गौरव कुमार ने सभी अधिकारियों से योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।












