विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, 34.56 लीटर शराब बरामद, बाइक जब्त
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन पुलिस ने बुधवार की रात्रि में यूपी और बिहार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़े शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर बाइक की पर तथा उसकी सीट के नीचे शराब की खेप छिपाकर बिहार में सप्लाई करने जा रहा था। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में शराब तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उसी क्रम में रात के समय एक बाइक सवार को संदिग्ध हालत में आते देखा गया। पुलिस को देखते ही उसने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया।गिरफ्तार तस्कर की पहचान उत्तर प्रदेश के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव निवासी राहुल सहनी के रूप में हुई है। उसकी बाइक से 34.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।इसी दौरान पुलिस ने शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया। वह हसुआ गांव का रहने वाला ललन राम है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्रों में शराब तस्करी की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं। इस सफल कार्रवाई से स्थानीय प्रशासन ने शराब माफिया को सख्त संदेश दिया है। आगे की जांच जारी है।











