शिव बनकटा में श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ: तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों से गूंजा पंडाल
शिव बनकटा में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के तीसरे दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
भागवत भजन कार्यक्रम में सुधीर व्यास (इंदौर) ने अपने ओजस्वी और भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने श्रीहरि और मां लक्ष्मी की महिमा का गुणगान शुरू किया, पूरा पंडाल “हरि बोल” और “जय श्री लक्ष्मी नारायण” के जयकारों से गूंज उठा। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
महायज्ञ के सफल संचालन में आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रभात कुमार राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे राम गुलाम राय पी. जी. कॉलेज के प्रबंधक तथा राजा देवी चेरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े हैं। आयोजन की हर व्यवस्था पर उनकी पैनी नजर बनी हुई है, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित और भव्य रूप में संपन्न हो रहा है।
महायज्ञ स्थल पर सुरक्षा, प्रसाद वितरण, पेयजल और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का भव्य धार्मिक आयोजन क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महायज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनको लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।











