कटेया में युवती के अपहरण से सनसनी, 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 वर्षीय युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने सात लोगों के विरुद्ध कटेया थाना पुलिस में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 2 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही छह लोगों तथा उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने साजिश के तहत युवती का अपहरण कर लिया। घटना के बाद जब पीड़ित पिता ने आरोपितों से पूछताछ की, तो वे बार-बार दो-चार दिनों में लड़की के वापस आने की बात कहते रहे, लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पीड़ित पिता का आरोप है कि 13 मार्च को जब वह दोबारा आरोपितों के पास बेटी के बारे में जानकारी लेने गया, तो सभी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट भी की। उन्होंने आशंका जताई है कि युवती की हत्या कर दी गई है या फिर उसे कहीं बेच दिया गया है।
इस मामले में कटेया थाना पुलिस ने पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और युवती की बरामदगी तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजन बेटी की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।












