180 लीटर शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, शराब तस्कर गिरफ्तार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
प्रतापपुर-नौतन मुख्य मार्ग पर रविवार की रात पुलिस ने सूचना के आधार पर एक बड़े शराब तस्कर को पकड़ लिया। यूपी से स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में शराब लादकर बिहार में सप्लाई करने जा रहे तस्कर को पुलिस ने धर दबोचा। थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिली थी कि यूपी से एक स्कॉर्पियो वाहन में बड़ी मात्रा में शराब लेकर नौतन की ओर आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम अलर्ट हो गई और यूपी से आने वाले सभी मार्गों पर सख्ती से वाहन चेकिंग शुरू कर दी।चेकिंग के दौरान शाहपुर मार्ग पर एक स्कॉर्पियो वाहन तेज रफ्तार से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने गाड़ी रोकी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 180 लीटर शराब जब्त की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक यादव के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिश्रौली खास गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। साथ ही शराब से भरा स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की सख्ती को दर्शाती है। स्थानीय प्रशासन ने ऐसे तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का संकल्प लिया है।












