सड़क दुर्घटना में स्कूली छात्रा गंभीर रूप से घायल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
बुधवार की सुबह स्थानीय बाजार में ट्रक और ट्रेक्टर-ट्रॉली की टक्कर की चपेट में आने से साइकिल से स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा नरकटिया गांव निवासी मुकेश चौहान की पुत्री शालू कुमारी है। बता दें कि बुधवार सुबह एक ट्रेक्टर चालक ने अपने ट्रेक्टर व ट्रॉली को सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। उसी दौरान सीमेंट से लदा एक ट्रक रिवर्स (पीछे) कर रहा था, जिसकी टक्कर खड़े ट्रेक्टर-ट्रॉली से हो गई। इस टक्कर के झटके से साइकिल पर जा रही शालू कुमारी चपेट में आ गई। दुर्घटना में उसके पैर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल छात्रा को उठाकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में शालू का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और काफी नाराजगी देखी गई। लोगों ने सड़क पर वाहनों की लापरवाही और पार्किंग को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। परिजनों ने भी घायल बच्ची के साथ अस्पताल पहुंचकर इलाज की निगरानी की। शालू कुमारी की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए स्थानीय लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












