गोपालगंज में विकास योजनाओं की समीक्षा: डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को दिया ‘संवेदनशील प्रशासन’ का मंत्र
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (IAS) की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) गौरव कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पंचायत सरकार भवनों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य विकासात्मक कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को तय समय-सीमा के भीतर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जन वितरण प्रणाली (PDS) की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से राशन दुकानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच का उद्देश्य व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, न कि किसी डीलर को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित करना। यदि कहीं अनियमितता मिले तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, जबकि ईमानदारी से कार्य करने वाले डीलरों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाए।
बैठक में डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, संवेदनशील कार्यशैली और जवाबदेही के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।












