1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे देशव्यापी पंजीकरण अभियान की समीक्षा, स्कूल-कॉलेजों के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में गुरुवार को “माय भारत जिला सलाहकार समिति” की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाले देशव्यापी ‘माय भारत पंजीकरण अभियान’ की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीएम समीर सौरभ ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों के माध्यम से पात्र छात्र-छात्राओं का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि ‘माय भारत’ पोर्टल युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा, नेतृत्व क्षमता और विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से जोड़ने का एक सशक्त मंच है, जिसका अधिकाधिक लाभ युवाओं तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला प्रशासन ने युवाओं से भी अपील की है कि वे अधिक संख्या में ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
पंजीकरण हेतु वेबसाइट: www.mybharat.gov.in
बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।












