राशन कार्ड, ट्राइसाइकिल वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य करने के निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने बुधवार को फुलवरिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यालय व्यवस्था तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन और आम जनता को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से राशन कार्ड निर्माण एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, कार्य संस्कृति एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इस अवसर पर डीएम ने प्रखंड कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध ट्राइसाइकिलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र दिव्यांग लाभुकों की पहचान कर जल्द से जल्द ट्राइसाइकिल का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।
निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।












