“सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान को मिली रफ्तार: जनता दरबार में डीएम ने सुनीं फरियादें, कई मामलों का मौके पर कराया समाधान
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिला प्रशासन द्वारा संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत शुक्रवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में “जनता के दरबार में जिला पदाधिकारी” कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर बातचीत कर शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम समीर सौरभ ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (DDC) गौरव कुमार भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दरबार में अधिकारियों की सक्रियता और समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल से फरियादियों ने संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन की इस पहल को आम लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।












