गोपालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई: जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खून से सने कपड़े और हथियार बरामद।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज:बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुराने जमीनी विवाद को लेकर एक शख्स पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है। यह घटना माधोपुर थाना अंतर्गत ग्राम बेलसंड तिवारी टोला की है। दिनांक 21 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि विजियेंद्रनाथ तिवारी नामक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 और माधोपुर थानाध्यक्ष तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल विजियेंद्रनाथ तिवारी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल पीड़ित की स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले की जांच बेहद पेशेवर और वैज्ञानिक तरीके से की। घटनास्थल पर तुरंत FSL (Forensic Science Laboratory) की टीम को बुलाया गया और वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े (शर्ट और पैंट) को बरामद कर लिया है।प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह पूरा विवाद पूर्व के जमीनी रंजिश से जुड़ा था। पीड़ित के पड़ोसी राजेश साह (पिता- महेश साह, साकिन- बेलसंड, थाना- माधोपुर, जिला- गोपालगंज) ने ही विजियेंद्रनाथ तिवारी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया था। पुलिस ने इस संबंध में सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर मुख्य अभियुक्त राजेश साह को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।












