छेड़खानी व दुष्कर्म के प्रयास मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नामजद आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। सिधवलिया थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को सिधवलिया थाना क्षेत्र में युवती के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिधवलिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पीड़िता को चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेजा गया। मामले में सिधवलिया थाना कांड संख्या 178/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 दर्ज कर नामजद आरोपी के खिलाफ अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवेक कुमार पासवान, पिता– स्वर्गीय जगदीश मांझी, निवासी– बुचिया, थाना– सिधवलिया, जिला– गोपालगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपना अपराध कबूल किया। फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन करते हुए मामले की जांच तेज गति से कर रही है। अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र समर्पित करने की कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर प्रकृति के इस मामले में पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले का शीघ्र निष्पादन कर दोषी के विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
विवेक कुमार पासवान, पिता– स्वर्गीय जगदीश मांझी, साकिन– बुचिया, थाना– सिधवलिया, जिला– गोपालगंज।










