गोपालगंज: नगर थाने में वर्षों से धूल फांक रहे लावारिस वाहनों के निस्तारण की तैयारी, पुलिस ने मालिकों को दी अंतिम चेतावनी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। नगर थाना परिसर में पिछले लंबे समय से लावारिस (Unclaimed) अवस्था में पड़े वाहनों के निस्तारण की प्रक्रिया पुलिस प्रशासन ने शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी सूचना के अनुसार, उन सभी वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी जो 6 माह से अधिक समय से थाने में लावारिस पड़े हैं। पुलिस ने बताया कि इन वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान के लिए गंभीर प्रयास किए गए हैं। इसके लिए परिवहन मंत्रालय (MORTH) और संबंधित इंश्योरेंस कंपनियों के माध्यम से वाहनों और उनके स्वामियों का आवश्यक डेटा संकलित किया गया है।पुलिस ने वाहन मालिकों को सूचित किया है कि जिनके वाहन नगर थाने में हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करें। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद वे थाने से संपर्क कर अपना वाहन प्राप्त कर सकते हैं।यदि तय समय में कोई दावा पेश नहीं किया गया, तो नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई करते हुए इन वाहनों का निस्तारण (नीलामी या अन्य प्रक्रिया) कर दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि उनका या उनके किसी परिचित का वाहन पुलिस द्वारा जारी सूची में शामिल है, तो वे शीघ्र नगर थाने में संपर्क कर कागजी कार्रवाई पूरी करें और अपना वाहन छुड़ा लें।
