अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस सख्त: गोपालगंज के होटलों और रेस्टोरेंट में सघन छापेमारी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में अपराध की रोकथाम और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशानुसार, शनिवार को गोपालगंज शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सदर-01 के नेतृत्व में चलाया गया। जांच टीम में नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस बल ने शहर के प्रमुख इलाकों में स्थित होटलों के कमरों, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट के वेटिंग एरिया की बारीकी से तलाशी ली।जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया, होटल में रुकने वाले मुसाफिरों की आईडी प्रूफ (ID Proof) की जांच। होटल के आमद और रवानगी रजिस्टर का सही ढंग से संधारण।परिसर में लगे CCTV कैमरों की कार्यक्षमता और बैकअप की स्थिति।नगर थानाध्यक्ष ने सभी होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले होटल मालिकों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए चलाया गया है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे।” — पुलिस प्रशासन, गोपालगंज












