पुलिस ने 54 लीटर देसी शराब और दो बाइक किया जब्त, तस्कर फरार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
बुधवार को देर शाम नौतन थाना क्षेत्र के बलवां में सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश निर्मित 54 लीटर देसी शराब के साथ दो मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं। हालांकि दोनों बाइक सवार शराब तस्कर मौके से भागने में सफल हो गए। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत बलवां क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में दो मोटरसाइकिलों को रोका गया। वहीं दोनों बाइक सवारों ने अचानक पुलिस को सामने देख बाइक छोड़कर भागने लगे । पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों फरार हो गए। इसके बाद बाइक पर लदी बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 54 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत दोनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। जब्त की गई शराब और वाहनों को थाने लाकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलों के नंबरों के आधार पर आरोपी तस्करों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। यह क्षेत्र शराब तस्करी के लिए काफी संवेदनशील माना जाता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी और ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।











