नौतन में शांतिपूर्ण ताजिया जुलूस के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट, फ्लैग मार्च निकाला
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र में ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को नौतन बाजार सहित आसपास के गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत तैयारी का संदेश दिया गया। अंचलाधिकारी शशि कुमारी की मौजूदगी में नौतन हीरा मोड़ के समीप से शुरू हुए इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने किया। मार्च नौतन प्रखंड मुख्यालय, स्थानीय बाजार होते हुए विभिन्न गांवों की ओर बढ़ा। इस दौरान सैकड़ों पुलिसकर्मी व अधिकारी मार्च में शामिल रहे। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया कि ताजिया जुलूस के दौरान सभी प्रतिभागियों को लाइसेंस साथ रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। कोई भी कानून का उल्लंघन करने वाला छूटेगा नहीं। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह सक्रिय रुख स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना जगाने वाला रहा। मोहर्रम के पावन अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की यह पहल सराहनीय है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के इस प्रयास का स्वागत किया है।












