गुप्त सूचना के आधार पर लखपतिया मोड़ में छापेमारी, पूछताछ में बाइक चोरी की निकली
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर लखपतिया मोड़ के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकाश कुमार, पिता अजय प्रसाद, निवासी तिवारी टोला, थाना कुचायकोट, जिला गोपालगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने जब बरामद मोटरसाइकिल के कागजात की मांग की तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि बरामद बाइक चोरी की है।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











