संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, DM समीर सौरभ ने किया सारण तटबंध का औचक निरीक्षण।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बाढ़ पूर्व तैयारियों की जमीनी हकीकत को परखने के लिए शनिवार को जिला पदाधिकारी (DM) श्री समीर सौरभ अचानक सारण तटबंध के पताहरा छड़की पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। तटबंध पर खुद पहुँचकर जिलाधिकारी ने उसकी मजबूती, सुरक्षात्मक कार्यों और जलस्तर की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चल रहे मरम्मत व सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता को भी बारीकी से देखा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फील्ड में तैनात अभियंताओं और अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा: “तटबंधों की सुरक्षा के लिए निरंतर और प्रभावी पेट्रोलिंग (गश्त) की जाए। चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करें ताकि कहीं भी कोई संवेदनशील स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत काबू पाया जा सके और समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।” DM के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन का मुख्य फोकस इस बार समय से पहले सभी कमजोर बिंदुओं (Vulnerable Points) को दुरुस्त करना है ताकि जान-माल के नुकसान को शून्य पर रखा जा सके। जिलाधिकारी ने स्थानीय अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ भी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपातकालीन स्थिति के लिए कंट्रोल रूम को एक्टिव रखने का निर्देश दिया है।












