भाजपा संगठन पर्व 2024: राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी, 20 जनवरी को हो सकती है घोषणा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन पर्व–2024 के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की। इसके साथ ही भाजपा संगठन में नए राष्ट्रीय नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे निर्वाचक मंडल सूची का प्रकाशन किया गया। वहीं 19 जनवरी 2026 को नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होगी। इस दिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन वापसी का समय शाम 5 से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। उसी दिन शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी द्वारा प्रेस वक्तव्य जारी किया जाएगा।
यदि आवश्यकता पड़ी तो 20 जनवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मतदान एवं आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
यह पूरी प्रक्रिया भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय, 6-ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली में संपन्न होगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन पर्व के तहत यह चुनाव भाजपा के आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि भाजपा का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा और पार्टी को भविष्य की राजनीतिक दिशा कौन सा नेतृत्व देगा।












