नौतन के संदेश गुप्ता की गुजरात में बॉयलर फटने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन बाजार निवासी 38 वर्षीय संदेश गुप्ता की गुजरात के सचिन स्थित एक कपड़ा रंगाई फैक्ट्री में काम करते समय बॉयलर फटने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक जयप्रकाश गुप्ता के पुत्र संदेश गुजरात में अपनी रोजी-रोटी के लिए काम कर रहे थे। फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर मिलते ही पूरे नौतन बाजार में कोहराम मच गया। मृतक के घर पर शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूर्व मुखिया कृष्ण प्रसाद और उप प्रमुख प्रसिद्ध कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने परिजनों से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया और सांत्वना दी।
एकलौता कमाऊ सदस्य था युवक
संदेश परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे छह बहनों के बीच इकलौते भाई थे। परिवार की सारी जिम्मेदारियां उनके कंधों पर थीं। उनके निधन के बाद अब माता-पिता, पत्नी और बच्चों का भरण-पोषण तथा शिक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। पत्नी के दिल दहला देने वाले चीत्कार से आसपास खड़े सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। गांव के महिलाओं-पुरुषों ने परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया। परिजन शव लाने के लिए गुजरात रवाना हो चुके हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है।












