गोपालगंज: विजयीपुर कांड के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री सुनील कुमार, ढांढस बंधाकर कहा— ‘बख्शे नहीं जाएंगे दोषी’
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। विजयीपुर में हुए हालिया कांड के बाद पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए सरकार ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सूबे के ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने खुद पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मंत्री ने न केवल पीड़ित परिवार का दर्द साझा किया, बल्कि उन्हें कानून पर भरोसा रखने और हर हाल में न्याय दिलाने का पुरजोर आश्वासन भी दिया। मुलाकात के दौरान भावुक हुए पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सख्त लहजे में अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा की “इस जघन्य मामले में जो भी दोषी हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून का हाथ बहुत लंबा होता है, और आरोपियों को उनके किए की कड़ी से कड़ी सजा भुगतनी होगी।” मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए, मामले की जांच में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत लाया जाए। पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से हर संभव सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाए।
मंत्री सुनील कुमार के इस दौरे और कड़े रुख के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार में न्याय की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार के इस कदम से अपराधियों में खौफ पैदा होगा और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सकेगा। अब देखना यह है कि मंत्री के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस महकमा कितनी तेजी से एक्शन में आता है।












