गोपालगंज में पुलिस की महा-कार्रवाई: पशु आहार की आड़ में तस्करी हो रही 8,289 लीटर अवैध शराब जब्त; यूपी का मुख्य तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। उचकागांव थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों द्वारा इस खेप को ‘गोपाल पशु आहार’ के बोरों के पीछे छिपाकर ले जाया जा रहा था। 09 जून 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उचकागांव थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने ग्राम संत मोड़ के पास ‘राज चिमनी ईंट-भट्टा’ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाकर इस खेप को पकड़ा। जांच के दौरान एक डीसीएम (DCM) ट्रक से कुल 8,289.960 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसमें 7,182 लीटर देशी शराब और 1,107.960 लीटर विदेशी शराब शामिल है। मौके से पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम ट्रक, एक मोबाइल और तस्करी को छिपाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 60 बोरा गोपाल पशु आहार को ज़ब्त किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (तरया सुजान) निवासी मुख्य अभियुक्त दिनेश साह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने इस सिंडिकेट से जुड़े कई अन्य तस्करों के नामों का खुलासा किया है। उचकागांव थाना में कांड संख्या 234/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी जारी है।











