*मोतिहारी में बड़ीकार्रवाई: नेपाल से लग्जरी कार में लाया जा रहा 83 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार*
मोतिहारी में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है.मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकटमोड़ के पास पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया गया. *नेपाल से जुड़ी थी तस्करी की कड़ी* गिरफ्तार तस्कर की पहचान पताही थाना क्षेत्र के बोल्ने गांव निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी नेपाल से लग्जरी गाड़ी में गांजा लोड कर मोतिहारी के रास्ते दूसरे जिले में सप्लाई करने की फिराक में था. पुलिस को इसकी गुप्त सूचना पहले ही मिल गई थी.*गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल* एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सूचना मिलते ही उत्पाद टीम और स्थानीय पुलिस ने बनकटमोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोका गया. जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें बड़ी ही चालाकी से छुपाकर रखा गया 83 किलो गांजा बरामद हुआ.*नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस* पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस तस्कर से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का खुलासा किया जा सके.
