कटेया को मिलेगी बेहतर बिजली? नगर अध्यक्ष ने ग्रामीण कार्य मंत्री से अलग 5 MVA ट्रांसफार्मर की उठाई मांग
कटेया (गोपालगंज)। कटेया नगर पंचायत में लगातार हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष अनिकेत मदेशिया ने बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार को पत्र सौंपकर नगर के लिए अलग 5 MVA ट्रांसफार्मर और अलग फीडर की मांग की है।
नगर अध्यक्ष ने अपने पत्र में बताया है कि वर्तमान में कटेया नगर पंचायत और पूरे प्रखंड के गांवों में मात्र 10 MVA क्षमता के ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति की जा रही है। किसी भी गांव में फॉल्ट होने पर नगर की बिजली भी बाधित हो जाती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों और छोटे उद्योगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है।
उन्होंने मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कटेया नगर पंचायत के लिए पावर सब-स्टेशन से अलग फीडर के साथ 5 MVA का नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया जाए, ताकि नगरवासियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।
नगरवासियों का कहना है कि यदि यह मांग पूरी होती है तो वर्षों से चली आ रही लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटने और फॉल्ट की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी तथा स्थानीय व्यापार और छोटे उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी।












