कौशल विकास केंद्र में जनता दरबार का आयोजन, विभिन्न मामलों की हुई सुनवाई
गोपालगंज। आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय द्वारा कौशल विकास केंद्र में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में प्रमुख रूप से भूमि विवाद एवं स्वास्थ्य से संबंधित मामलों की सुनवाई हुई। इसमें राजधारी पटेल (उम्र 55 वर्ष), ग्राम बागरा, प्रखंड कुचायकोट – भूमि विवाद; संजय सिंह (उम्र 55 वर्ष), ग्राम सिसवनिया, प्रखंड उचकागांव – भूमि विवाद; नमिता देवी (उम्र 40 वर्ष), सोहागपुर, प्रखंड हथुआ – स्वास्थ्य संबंधी मामला;सतेंद्र तिवारी (उम्र 58 वर्ष), ग्राम गौसिया, प्रखंड मंझा – भूमि विवाद तथा राहुल कुमार (उम्र 18 वर्ष), ग्राम तिवारी मठिहानिया, प्रखंड कुचायकोट – भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं अंचल अधिकारियों को त्वरित जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों में प्राथमिकता के आधार पर स्थल जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तथा स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस आयोजन से फरियादियों में संतोष का भाव देखा गया और लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की।












