जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में पीडीएस, राशन कार्ड, आरसी टैगिंग और शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर दिए सख्त निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। समाहरणालय सभा कक्ष में मंगलवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), खाद्यान्न वितरण, राशन कार्ड, उचित मूल्य दुकानों की कार्यप्रणाली, आरसी टैगिंग एवं जन शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज, अनुमंडल पदाधिकारी हथुआ अभिषेक कुमार चंदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी प्रखंडों में खाद्यान्न का समय पर उठाव और वितरण सुनिश्चित करने के साथ लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राशन कार्ड के निर्गमन, संशोधन, विलोपन एवं आरसी टैगिंग की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं उचित मूल्य दुकानों के नियमित निरीक्षण का निर्देश देते हुए कहा गया कि जहां भी अनियमितता मिले, वहां संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
बैठक में घरेलू गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी की समीक्षा भी की गई। साथ ही ‘सहयोग पोर्टल’ पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में डीएम समीर सौरभ ने सभी अधिकारियों से कहा कि जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और लाभुक-केंद्रित बनाने के लिए नियमित निगरानी, निरीक्षण और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।











