गोपालगंज में दुस्साहस: घर में घुसकर महिला को बनाया बंधक, चाकू की नोक पर ₹7 लाख के जेवरात लूट ले गए बदमाश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के थावे थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ अपराधियों ने पुलिस के सुरक्षा दावों को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। नारायणपुर फुलुगनी गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया और लाखों रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार देर रात तीन अज्ञात नकाबपोश अपराधी घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। अपराधियों ने घर में मौजूद महिला रबूनतारा को हथियार और चाकू की नोक पर ले लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने महिला को बंधक बना लिया, जिससे वह पूरी तरह सहम गईं। पीड़िता रबूनतारा के मुताबिक, बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने घर के कमरों को खंगालना शुरू किया। बदमाशों ने गोदरेज अलमारी का लॉकर कटर और रॉड के सहारे तोड़ दिया। लॉकर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकद समेत करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति समेटकर अपराधी रात के अंधेरे में ही रफूचक्कर हो गए।
“अपराधियों ने सीधे मेरी गर्दन पर चाकू रख दिया था। उन्होंने कहा कि अगर एक शब्द भी बोला तो जान से मार देंगे। इसके बाद उन्होंने अलमारी का लॉकर तोड़ा और सारे जेवर लेकर भाग गए।”
— रबूनतारा, पीड़िता
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर थावे थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से नारायणपुर फुलुगनी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।












