थावे महोत्सव 2026 की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
गोपालगंज, 18 फरवरी 2026: समाहरणालय सभा कक्ष में आज जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में थावे महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 28 एवं 29 मार्च 2026 को थावे महोत्सव मनाए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान महोत्सव के सुचारू एवं भव्य आयोजन हेतु विभिन्न समितियों के गठन एवं उनके दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अंतर्गत प्रबंधन समिति, लेखा प्रबंधन समिति, आवास समिति, सांस्कृतिक समिति, विधि व्यवस्था समिति, परिवहन समिति, जन संपर्क एवं स्मारिका समिति, स्टेज, साउंड एवं लाइट समिति, स्वच्छता समिति, स्वास्थ्य समिति, तथा आपदा प्रबंधन समिति के गठन एवं उनके कार्यों की रूपरेखा निर्धारित की गई।
इसके अतिरिक्त महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले ग्रामीण किसान मेला, खेल-कूद प्रतियोगिताएं तथा पुरस्कार वितरण समारोह को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए महोत्सव को सफल बनाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि थावे महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
बैठक में महोत्सव के आयोजन से जुड़े अन्य आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा की गई तथा विभिन्न समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा महोत्सव के सफल संचालन हेतु सभी स्तरों पर तैयारी प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।











