आयुष्मान भारत योजना के तहत गोपालगंज के निजी अस्पताल को मिली तीन स्पेशियलिटी की मंजूरी
गोपालगंज ब्यूरो : आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी, गोपालगंज की अध्यक्षता में जिला सूचीबद्धता समिति (DEC) एवं जिला शिकायत निवारण समिति (DGRC) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निजी अस्पताल से प्राप्त आवेदन एवं भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन की समीक्षा के बाद शलयम हॉस्पिटल, गोपालगंज को तीन स्पेशियलिटी के एन्हांसमेंट के लिए अनुमोदन प्रदान किया गया। इससे आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
वहीं, बैठक में CGRMS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक प्राप्त कुल 40 शिकायतों में 39 शिकायतों का ससमय निष्पादन किया जा चुका है, जबकि एक शिकायत शिकायतकर्ता द्वारा वापस ले ली गई।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पताल में नई स्पेशियलिटी की मंजूरी से जिले के पात्र मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।











