🚨 गोपालगंज पुलिस का शराब माफियाओं पर बड़ा प्रहार: दो थाना क्षेत्रों में 113.8 लीटर अवैध शराब बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को सोमवार को दो बड़ी सफलताएँ मिलीं। बैकुंठपुर एवं गोपालपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 113.8 लीटर अवैध शराब, एक टेंपू, एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए 5 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
📍 बैकुंठपुर थाना की कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर राजापट्टी फैक्ट्री के समीप वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से 50 लीटर देसी चुलाई शराब एवं 5.4 लीटर विदेशी शराब, कुल 55.4 लीटर शराब बरामद की गई। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
📍 गोपालपुर थाना की कार्रवाई
वहीं गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोही गांव के समीप वाहन जांच के दौरान एक टेंपू से 58.4 लीटर देसी शराब बरामद की गई। इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब ढोने में प्रयुक्त टेंपू को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
गोपालगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।











