गोपालगंज: अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत, परिजनों में कोहराम।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे मड़वा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। मिली जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी 40 वर्षीय ज्ञानचंद साह बीते दिनों किसी काम से कृतपुरा बाजार गए हुए थे। जब वे अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी कृतपुरा बाजार के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ज्ञानचंद साह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल ज्ञानचंद को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) रेफर कर दिया।परिजनों ने उन्हें गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उधर, ज्ञानचंद की मौत के बाद उनके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। इस असमय मौत से मृतक के आश्रितों का रो-रोकर बुरा हाल है।












