नौतन थाना परिसर में गुंडा परेड आयोजित, शामिल हुए दागी चेहरे
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

नौतन थाना परिसर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गुंडा परेड कराई है। यह परेड अपराधियों और इतिहासशीटर्स पर सख्त संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की गई, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हो और अपराधियों में दहशत पैदा हो।जानकारी के अनुसार नौतन थाना क्षेत्र में विगत महीनों में खुलेआम फायरिंग, चोरी, लूट और बदमाशों की दहशत फैलाने वाली कई घटनाएं सामने आईं हैं। विश्रामपुर जैसे इलाकों में एरियल फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई। इसी को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष ने कई बदमाशों को लाकर थाना परिसर में परेड कराया। गुंडा परेड में शामिल अपराधी हाथ बांधे, सिर झुकाए हुए थाने के परिसर में लाइन में खड़े दिखे। पुलिस ने उन्हें क्षेत्र में अपराध करने वाले इतिहासशीटेड गुंडों के रूप में पेश किया। पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर दे रही है। परेड के दौरान एसआई रितेश कुमार सिंह ने बदमाशों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा अपराध की ओर मुड़े तो सख्त कार्रवाई होगी, जिसमें एनकाउंटर तक शामिल हो सकता है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे इलाके में शांति बहाल होगी और गुंडों का मनोबल टूटेगा। नौतन थाना क्षेत्र पहले से ही चोरी, हत्या, लूट, शराब तस्करी और रंगदारी जैसे मामलों में चर्चित रहा है। थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि यह परेड सिर्फ शुरुआत है। आगे भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाया जा सके। इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है और आम जनता में पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।












