बड़ी खुशखबरी: स्टील गर्डर से बनेगा गोपालगंज का डुमरिया घाट पुल, गडकरी ने दी हरी झंडी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। गोपालगंज और इसके आसपास के क्षेत्रों के विकास को गति देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर) पर डुमरिया घाट स्थित गंडक नदी पर बन रहे पुल के निर्माण को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। अब इस पुल का निर्माण स्टील गर्डर/स्टील फ्रेम तकनीक से किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी है। इस परियोजना को गति दिलाने में स्थानीय सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सुमन की अहम भूमिका रही है। उन्होंने क्षेत्र की जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पुल के निर्माण में स्टील फ्रेम/स्टील गर्डर तकनीक के इस्तेमाल की मांग की थी। सांसद डॉ. सुमन ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को अनुरोध पत्र भेजा था। इस मांग को स्वीकार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने इसकी आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी है।स्टील गर्डर और स्टील फ्रेम तकनीक से बनने वाले पुल पारंपरिक कंक्रीट पुलों की तुलना में अधिक मजबूत और टिकाऊ होते हैं। इस आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पुल का निर्माण कार्य कम समय में और तेजी से पूरा किया जा सकेगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पत्र के अनुसार, संवेदक (ठेकेदार) द्वारा साइट पर काम भी शुरू कर दिया गया है। निर्माण के दौरान सुरक्षा के मानक निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। डुमरिया घाट पुल इस पूरे कॉरिडोर के लिए जीवनरेखा (Lifeline) की तरह है। इसके आधुनिक और मजबूत तकनीक से बनने की खबर आते ही गोपालगंज और आस-पास के व्यापारिक व सामाजिक हलकों में खुशी का माहौल है। इस पुल के बन जाने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि उत्तर बिहार के आर्थिक विकास को भी एक नई रफ्तार मिलेगी।











