अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी: मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना की आवेदन प्रक्रिया हुई पूरी तरह ऑनलाइन
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए इसे पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब योजना का लाभ लेने के लिए छात्र-छात्राओं को जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। पात्र विद्यार्थी घर बैठे ही आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, गोपालगंज श्रीमती नीलम मिश्रा ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार इस योजना के लिए ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था समाप्त कर दी गई है और अब केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से किसी भी प्रकार के भ्रम से बचने और जिला कार्यालय आने के बजाय निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
यह योजना मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध एवं ईसाई समुदाय के पात्र विद्यार्थियों के लिए संचालित की जाती है। योजना के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना से इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को 15,000 रुपये, बिहार राज्य मदरसा एजुकेशन बोर्ड से फोकानिया परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को 10,000 रुपये तथा मौलवी परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि उच्च शिक्षा के लिए डीबीटी (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी।
नीलम मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की इस महत्वपूर्ण योजना को भी पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी तथा विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि आवेदन केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन पोर्टल: https://ekalyan.bihar.gov.in/mvpy/StudentRegistration.aspx












