गोपालगंज: इंस्टाग्राम विवाद में मारपीट और फायरिंग, एक घायल; पुलिस की छापेमारी जारी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज (बिहार): जिले के थावे थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर भेजे गए एक आपत्तिजनक ऑडियो संदेश का विरोध करने पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और गोलीबारी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, घटना 01 मई 2026 की है। थावे थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर निवासी जहीर खान (पिता सैफुद्दीन खान) को गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा था। जब जहीर खान ने इसका विरोध किया और ऐसा संदेश भेजने से मना किया, तो आरोपियों ने नारायणपुर हाई स्कूल के पास ब्रह्म स्थान के समीप उसे घेर लिया। आरोपियों ने जहीर के साथ मारपीट की और डराने के लिए गोली भी चलाई, जिसमें वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थावे थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जाँच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को बुलाया गया। पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है। घायल जहीर खान को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर और नियंत्रण में बताई जा रही है। इस मामले में थावे थाना में कांड संख्या 106/26 (दिनांक 02.05.2026) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है। वर्तमान में क्षेत्र में शांति बनी हुई है और स्थिति सामान्य है।
