ईद-उल-फित्र की नमाज अकीदत के साथ अदा, वतन की सलामती और भाईचारे की मांगी दुआ
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय प्रखंड में ईद-उल-फित्र का त्योहार बड़ी धूमधाम, अकीदत और खुशियों के साथ मनाया गया। प्रखंड के सभी ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह-सुबह एकत्र हुए और ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की। नमाज के दौरान हर तरफ भाईचारे, एकता और सौहार्द का नजारा दिखाई दिया। लोग नए कपड़ों में सजे-धजे, मुस्कुराते हुए ईदगाह पहुंचे और नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
सुबह के समय हल्की बुंदाबांदी होने से तय समय पर लोगों का पहुंचना थोड़ा मुश्किल हुआ। कीचड़ और नमी के कारण आने-जाने में असुविधा हुई, जिसे देखते हुए स्थानीय इमामों ने नमाज का समय कुछ देर आगे बढ़ाया। इस फैसले से हजारों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के नमाज में शामिल हो सके। नमाज के बाद खुतबे में मौलाना साहब ने रमजान की अहमियत बताते हुए सद्भावना, आपसी प्रेम और समाज में एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया। खास तौर पर सभी ने अल्लाह से वतन की सलामती, देश में अमन-चैन और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। नमाजियों ने दुआओं में देश की तरक्की, शांति और समृद्धि की कामना की, ताकि हर नागरिक खुशहाली से जीवन व्यतीत कर सके। मौसम की चुनौती के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी खुशी से लबरेज थे। ईदगाहों के आसपास बच्चों के लिए मिठाइयों के छोटे स्टॉल और गुब्बारे की दुकानें लगी थीं, जिससे माहौल और रंगीन हो गया। नौतन प्रखंड के निवासियों ने बारिश के बावजूद त्योहार की रौनक बनाए रखी और समुदाय ने एक बार फिर प्रेम, एकता व खुशियों का पैगाम दिया। वहीं पुलिस प्रशासन सभी ईदगाहों पर मुस्तैद नज़र आया












