नगर थाना पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को दबोचा, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के दर्ज मामले में वांछित एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 657/26, दिनांक 09 जुलाई 2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त शहजाद अली को विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।












