डीएम समीर सौरभ का सख्त संदेश: “जनता के आवेदनों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं”, सभी प्रधान लिपिकों को दिए स्पष्ट निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी विभागों के प्रधान लिपिकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार भी मौजूद रहे। इस दौरान कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, पत्रों के निष्पादन तथा प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में प्राप्त पत्रों, जन-शिकायतों और आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने सभी प्रधान लिपिकों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण करने, कार्यालय संचालन में अनुशासन बनाए रखने तथा जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशासन की पहचान समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन से होती है।
बैठक के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।












