संविदा कर्मियों के अवधि विस्तार पर डीएम समीर सौरभ सख्त, बोले– पारदर्शिता और गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव

गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (IAS) की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में संविदा अवधि विस्तार से संबंधित जिला चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में संविदा पर कार्यरत कर्मियों की कार्य दक्षता, प्रदर्शन, दायित्वों के निर्वहन तथा विभागीय योगदान की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संविदा कर्मियों के अवधि विस्तार से जुड़े प्रत्येक मामले की जांच निर्धारित नियमों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवधि विस्तार का निर्णय केवल कर्मियों के कार्य निष्पादन, अनुशासन, जिम्मेदारी और विभागीय योगदान के आधार पर ही लिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में गुणवत्ता, जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में संविदा कर्मियों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रस्तावों की गहन जांच कर नियमानुसार ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सके। डीएम समीर सौरभ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योग्य, कर्मठ और जिम्मेदार कर्मियों को ही अवसर मिलना चाहिए। इससे सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ आम जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक में जिला चयन समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












