मांझा प्रखंड कार्यालय पहुंचे डीएम समीर सौरभ, औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। गुरुवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने मांझा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई और अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने कार्यों में सक्रिय दिखाई दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा लंबित मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट रूप से कहा कि प्रखंड कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।
डीएम ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित संधारण एवं कार्यालय व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को पारदर्शी, सुगम और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है।












