गोपालगंज में छात्रों के हित में एक्शन मोड में डीएम: जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास का औचक निरीक्षण, लाइब्रेरी में इनवर्टर लगाने का दिया निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, गोपालगंज का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, स्वच्छता और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रावास परिसर, आवासीय कक्षों और साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की भी जानकारी ली, ताकि छात्रावास की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए जिला पदाधिकारी ने पाया कि बिजली बाधित होने की स्थिति में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल लाइब्रेरी में इनवर्टर लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित न हो। डीएम समीर सौरभ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रावास की सभी सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा जो भी कमियां हों, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं छात्रावास प्रबंधन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।












