कटेया के लाल रितेश कुमार प्रभात को डीएम ने किया सम्मानित, बॉक्सिंग में जिले का बढ़ाया मान
कटेया (गोपालगंज)। गोपालगंज जिले के कटेया प्रखंड अंतर्गत मेहिया पंचायत के बैरिया गांव निवासी युवा बॉक्सिंग खिलाड़ी रितेश कुमार प्रभात को उनकी शानदार खेल उपलब्धियों के लिए जिलाधिकारी ने सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। रितेश, जनार्दन कुशवाहा एवं मंजू कुशवाहा के पुत्र हैं और लगातार बॉक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोपालगंज के साथ-साथ बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।
रितेश कुमार प्रभात ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने बिहार स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी गोपालगंज के लिए पदक हासिल किया। हाल ही में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया।
इससे पहले 23 मई 2026 को राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रितेश कुमार प्रभात को उनके खेल प्रमाणपत्र का अवलोकन कर गुलदस्ता भेंट करते हुए सम्मानित किया था। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।
रितेश की लगातार मिल रही सफलताओं की जानकारी मिलने पर गोपालगंज के जिलाधिकारी ने उन्हें जिला कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। डीएम ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिले के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने रितेश को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
रितेश कुमार प्रभात की उपलब्धियों से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि वे आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार एवं देश का नाम रोशन करेंगे।












