बिना काफिले के बाइक पर निकले डीएम और एसपी, शहर की सड़कों पर लिया जमीनी हकीकत का जायजा
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। मंगलवार को गोपालगंज में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिना किसी बड़े काफिले के बाइक पर सवार होकर शहर की सड़कों पर निकल पड़े। इस दौरान एसपी ने स्वयं बाइक चलाई, जबकि डीएम पीछे बैठकर शहर की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते रहे। दोनों अधिकारी सर्किट हाउस से रवाना होकर वेयरहाउस, पुलिस लाइन और फिर थावे दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, सड़क व्यवस्था तथा आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर जायजा लिया।अधिकारियों का यह निरीक्षण पूरी तरह जमीनी हकीकत को समझने के उद्देश्य से किया गया। बिना औपचारिक काफिले के बाइक से भ्रमण करने का मकसद शहर की वास्तविक स्थिति को करीब से देखना और आम लोगों की परेशानियों को सीधे समझना था।अचानक डीएम और एसपी को बाइक पर शहर में निरीक्षण करते देख लोग भी हैरान रह गए। कई स्थानों पर नागरिकों ने अधिकारियों से अपनी समस्याएं साझा कीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
प्रशासन का मानना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण से न केवल व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है, बल्कि संबंधित विभागों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।












