घर में घुसकर दंपति पर जानलेवा हमला, महिला से मारपीट व लूट का आरोप; 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी की मांग
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले के कटेया थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में एक महिला ने घर में घुसकर जानलेवा हमला, लूटपाट, तोड़फोड़ और महिला की अस्मिता से जुड़ी गंभीर घटना का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। पीड़िता ने 12 लोगों को नामजद करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, पड़रिया गांव निवासी सोनम देवी, पत्नी बालजीत यादव, ने आरोप लगाया है कि 25 जून की शाम करीब 5 बजे नामजद आरोपी लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और फरसा लेकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर तथा उनके पति पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उनके पति उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर लगातार वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई जारी रखी और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि कुछ आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए साड़ी और ब्लाउज फाड़ दिए तथा उनकी अस्मिता को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया। वहीं अन्य आरोपियों ने घर में रखे सामानों की तोड़फोड़ की और सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने की एक जोड़ी बाली तथा ₹45 हजार नकद लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपति को रेफरल अस्पताल कटेया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि नामजद लोग पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और लगातार उन्हें व उनके परिवार को घर छोड़ने की धमकी देते रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार की जान को खतरा बना रहेगा।
पीड़िता ने कटेया थाना पुलिस से सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी तथा परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान या प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।












